बड़ौत (बागपत)।
नगर और क्षेत्र में बुधवार की सुबह आयी अचानक बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं जगह-जगह जल भराव से लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं कई जगहों पर अत्यधिक पानी भरने से बाइक व अन्य वाहन फंस गए। उन्हें निकालने के लिए लोगों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
नगर की बात है या फिर गांवों की। कुछ जगहों को छोड़कर कहीं पर भी पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। हल्की बारिश से ही जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जो बारिश खत्म होने के कई-कई दिनों तक चलती है। बुधवार को भी अचानक आयी बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से लोगों को निजात मिली, वहीं नगर मेें बरसात से गांधी रोड, नेहरू रोड, भगवान महावीर मार्ग, कोताना रोड, तहसील गेट, बिनौली रोड सहित दुकानों में पानी भर जाने से लोगों को पूरे दिन परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने कहा नगर में पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के चलते हल्की बारिश में ही जल भराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसके अलावा बावली, मलकपुर, हिलवाडी आदि सहित कई गांवों मेें भी जल भराव की समस्या से लोग अजीज दिखाई दिएं।