प्रेम से भीगेगी राखी, पानी से नहीं
बड़ौत (बागपत)। रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर बंधी राखी बहन के असीम प्रेम और स्नेह से तो खूब भीगेगी, मगर बारिश के पानी से नहीं भीगेगी, क्योंकि इस बार डाक विभाग ने राखी पहुंचाने के लिए वाटर प्रूफ डिजाइन लिफाफे बाजार मेें उतारे हैं। डाक विभाग के रक्षा बंधन लिफाफे को बहने भी खूब पसंद कर रही हैं।
रक्षाबंधन के निकट आते ही भाई-बहनों को बरबस ही एक-दूसरे की याद आने लगती है। भाइयों के द्वार जाने में असमर्थ बहने डाक से राखी भेजती है, जब तक राखी भाई को न मिल जाए, बैचेन रहती है। इसी तरह भाई भी बहन की राखी का बैचेनी से इंतजार करते है, लेकिन कई बार कागज के कमजोर लिफाफे बीच मेें फट जाते है या बारिश में भीगने से गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते।
इस बार डाक विभाग के वाटर प्रूफ लिफाफों ने बहन-भाइयों की यह चिंता खत्म कर दी। पोस्ट मास्टर अशोक शर्मा ने बताया लगातार शिकायतों को देखकर बाजारों में वाटर प्रूफ लिफाफे उतारे गए हैं। इन लिफाफों को राखी रखने के बाद बंद करने के लिए गोंद आदि की जरूरत नहीं, लिफाफे के ऊपरी सिरे के रेपर के नीचे गोंद की व्यवस्था है। 11 गुणा 22 सेमी आकार के ये लिफाफे गुलाबी, सुनहरे व अन्य रंगों मेें उपलब्ध है। लिफाफे के बायें हिस्से पर राखी छपी है। ऊपरी हिस्से पर भारतीय डाक और उसके बराबर मेें अंग्रेजी में राखी लिखा है। बारिश के मौसम मेें राखी को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए यह पूरी तरह से फिट है। उन्होंने बताया लिफाफे की कीमत मात्र 10 रुपये रखी है, इसलिए डाक शुल्क अलग से दय होगा।