स्टपनी बदलवाने वाला शिक्षक निलंबित
बागपत। प्राथमिक विद्यालय के बच्चों से कार की स्टपनी बदलवाने का वीडियो वायरल हुआ। मामला बीएसए तक पहुंचा। खंड शिक्षा अधिकारी से मामले की जांच कराई तो शिकायत सही निकली। बीएसए योगराज सिंह ने बताया आरोपी शिक्षक को निलंबित किया।
परिषदीय विद्यालयों की शिक्षक व्यवस्था बेपटरी हो रही है। कहीं बच्चों से स्कूलों में झाडू़ लगवाई जाती है तो कहीं बोगी में रेत भरवाया जाता है। विद्यालयों में झाडू़ लगवाने की तो बेसिक शिक्षा अधिकारी से कई शिकायतें हो चुकी है। नया मामला कार का टायर पंचर होने के बाद स्टपनी बदलवाने का है। पिछले सप्ताह बालैनी क्षेत्र के घिटौली में एक शिक्षक की वीडियो वायरल हुई थी, इसमें वह कार का टायर पंचर होने के बाद स्कूली बच्चों से स्टपनी बदलवाने लगे। किसी ने इस पूरे मामले को कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो वायरल हुई तो मामला बीएसए तक पहुंचा। बीएसए योगराज सिंह ने बताया खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह मामले की जांच कराई। बीएसए ने कहा खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट आने के बाद आरोपी विष्णुदत्त शर्मा को निलंबित कर दिया है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी। विद्यालय में अन्य प्रकार की भी अनियमितता बरती गई हैं, इस कारण उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।