अमीनगर सराय (बागपत)। आबकारी विभाग और सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान में एक कैंटर से 300 पेटी अंग्रेजी शराब पकड़ ली। झांसी निवासी दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब हरियाणा के फरीदाबाद से अलीगढ़ ले जाई जा रही थी।
शनिवार को आबकारी और सिंघावली पुलिस डौला चौकी पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस को बागपत की ओर से एक कैंटर आता दिखाई दिया। पुलिस ने चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया तो उसने स्पीड बढ़ा दी। पुलिस ने गाड़ी का पीछा कर मेरठ-बागपत रोड पर हिसावदा मोड़ के समीप रोक लिया। आबकारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि चेकिंग करने पर गाड़ी में 300 पेटी अंग्रेजी शराब हरियाणा मार्का बरामद हुई। साथ ही महेंद्र पुत्र डालचंद और नंदू पुत्र सुरेश निवासी मऊरानीपुर जिला झांसी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान दोनाें तस्करों ने बताया कि वह फरीदाबाद से शराब लेकर आए है और अलीगढ़ जा रहे थे। थाना प्रभारी शिव प्रकाश ने बताया शराब पकड़ने में टीम में आंनद कुमार, सुनील, अरविंद, सिद्धार्थ, शामिल रहे।
अब तक पांच करोड़ की शराब पकड़ी
बागपत। आबकारी और पुलिस विभाग की टीम ने जिले में अब तक करीब पांच करोड़ रुपये की शराब पकड़ी है। जिले से होकर गुजरने वाले विभिन्न मार्गों से शराब को सप्लाई के लिए अलग-अलग जगह ले जाया जा रहा था।