खेकड़ा स्थित एल टू कोविड अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में मंगलवार को 27 लोग संक्रमण मिले। अब जिले में 8994 संक्रमित और 534 केस एक्टिव हैं। उधर, खेकड़ा स्थित एल टू कोविड अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत हो गई।
सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि विभाग की टीम ने संक्रमितों की गलियों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराकर गलियों को सील कर दिया है। लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए घरों में रहने की सलाह दी है। कंटेनमेंट क्षेत्र में सर्विलांस की टीम संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कर निगरानी करेगी। सील किए गए क्षेत्रों में आकस्मिक परिस्थितियों में ही आवागमन की छूट रहेगी। लोगों को जरूरत की चीजों की होम डिलीवरी की व्यवस्था कराई जाएगी। उधर, खेकड़ा के एल टू कोविड-19 अस्पताल में पिलाना ब्लाक के गांव खिंदौडा निवासी एक मरीज पांच दिन से भर्ती था। मंगलवार की सुबह उसकी तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उन्हें ऑक्सीजन के साथ वेंटिलेटर सपोर्ट भी दिया। लेकिन उसका आक्सीजन लेवल कम हो गया। इससे उसकी मौत हो गई। परिजनों की मौजूदगी में मृतक के शव का कोरोना गाइडलाइन के तहत अंतिम संस्कार कर दिया गया।