खेकड़ा (बागपत)।
बागपत सीमा से मात्र 30 किलोमीटर की दूरी पर बनकर तैयार हिंडन डोमेस्टिक एयरपोर्ट को लेकर उद्यमियों में उत्साह का माहौल है। उद्यमियों ने कहा एयरपोर्ट शुरू होने से व्यापारियों को व्यापारिक यात्रा करने में आसानी होगी।
हिंडन डोमेस्टिक एयरपोर्ट का निर्माण उद्यमियों के लिए बड़ी खुशी लेकर आया। कृषि यंत्र निर्माता अनिल पांचाल ने कहाएयरपोर्ट का निर्माण होने से वह बिहार, चंडीगढ़, कानपुर, इलाहाबाद आदि स्थानों पर अपनी पार्टियों के पास कम समय में पहुंच सकेंगे और कम समय में आ सकेंगे। कृषि यंत्र उद्यमी एवं नगर पालिका के पूर्व वाइस चेयरमैन विनोद कुमार ने कहा उनको अपने व्यापार के लिए हरियाणा, पंजाब, बिहार, राजस्थान आदि प्रदेशों में जाना पड़ता है। दूरी के कारण कई दिन लगते थे। उससे यहां कार्य प्रभावित होता था। अब एयरपोर्ट बनने से चंद घंटों में वापसी होगी। हैंडलूम उद्यमी सुरेश अग्रवाल ने कहा उनकी फर्म बागपत की सीमा पर है, यहां से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट करीब 70 किलोमीटर है और भारी भीड़ भरा रास्ता है। जबकि हिंडन एयरपोर्ट मात्र 30 किलोमीटर बन गया है। उद्यमियों के लिए यह बड़ी राहत है। हैंडलूम व्यवसायी मुकेश गुप्ता का कहना है कि हिंडन डोमेस्टिक एयरपोर्ट बागपत के उद्यमियों के लिए सपने के जैसा है। मात्र 30 किलोमीटर दूर एयरपोर्ट होने से बोर्डिंग में लगने वाला एक घंटे पहले का टाइम भी जोड़ लें तो घर से जल्दी नही निकलना होगा। इतना ही नहीं दिल्ली सहारनपुर रोड के अलावा पिलाना ढ़िकौली बंथला मार्ग से भी एयरपोर्ट जाना सुगम होगा। कहा कि इससे व्यापार बढ़ेगा। वही आम लोग भी पर्यटन के लिए देश के विभिन्न शहरों में आवागमन कर सकेंगे। राजकीय कार्य से देश की राजधानी लखनऊ जाने वाले अधिकारियों और राजनेताओं के लिए भी यह बेहतर सुविधा है।