बड़ौत (बागपत)।
ऊर्जा निगम के एसई की सख्ती के बाद भी निगम के कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे रहे हैं। इसको लेकर मंगलवार को कई गांव के लोगों ने एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निगम के कर्मचारियों ने अपनी कार्यशैली मेें बदलाव नहीं किया तो वे कार्यालय में अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू करेंगे।
मंगलवार को बिजरौल, बामनौली, दोघट, बड़ौत, छछरपुर, गूंगा खेड़ी और सिरसली के काफी संख्या में व्यक्ति ओटीएस योजना का लाभ उठाने के लिए अधिशासी अभियंता द्वितीय के कार्यालय में पहुंचे, लेकिन एक-दो कर्मचारी को छोड़कर कोई भी कर्मचारी साढ़े दस बजे तक कार्यालय में नहीं पहुंचा। इससे आक्रोशित लोगों ने दफ्तर में नारेबाजी कर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा शासन द्वारा उपभोक्ताओं के बिलों पर 100 प्रतिशत सरचार्ज माफ करने के लिए ओटीएस योजना संचालित कर रखी है। योजना का लाभ उठाने के लिए अलग-अलग गांवों से सैकड़ों उपभोक्ता कार्यालय में सुबह होते ही पहुंच जाते हैं, लेकिन निगम केे कर्मचारी मनमानी कर ग्यारह बजे तक कार्यालय में पहुंचते हैं। इस दौरान जब कोई उपभोक्ता बिल संबंधित जानकारी लेने का प्रयास करता है तो कर्मचारियों का व्यवहार भी अच्छा नहीं रहता। जबकि एसई रामबीर सिंह ने सभी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपभोक्ताओं से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दे रखे हैं, लेकिन एसई के आदेशों की निगम के कर्मचारियों को कोई परवाह नही। उन्होंने कहा यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू करेंगे। इस संबंध में अधिशासी अभियंता सुधाकर से बातचीत करने का प्रयास किया तो उन्होंने भी फोन रिसीव करना उचित नहीं समझा। एसई रामबीर सिंह ने कहा शिकायत मिली है, कार्यालयों का निरीक्षण कर कार्रवाई होगी। इसमें मनोज, संजीव, अनिल, प्रवेंद्र, आशीष, हरेंद्र, जयपाल, छोटू, गौरव, सोनू, नितिन आदि रहे।