आज होगा 121 बेटियों का सामूहिक विवाह
बागपत। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में प्रशासन की ओर से 121 बेटियों की शादियां सामूहिक रूप से कराई जाएंगी। बेटी के खाते में जहां 20 हजार रुपये जाएंगे, वहीं 10 हजार रुपये का उपहार दिया जाएगा। पांच हजार अन्य कार्यों में खर्च होंगे। तीनों विधायक और केंद्रीय राज्यमंत्री को निमंत्रण दिया गया है। पंडित और मौलवी को शादियां कराने के लिए अधिकृत कर लिया है।
प्रदेश के सभी जिले में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब बेटियों की शादियां कराई जाएंगी। इसके तहत जिले में इसकी तैयारियां करीब पूरी कर ली है। समाज कल्याण अधिकारी विमल कुमार ढाका ने बताया कि अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी है। वहीं सभी को समय पर पहुंचने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 121 बेटियों की दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित गेस्ट हाउस के पास बसंत गार्डन में शादियां कराई जाएंगी। बेटियों को देने के लिए सामान की खरीददारी हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि मुख्य अतिथि के लिए बागपत विधायक योगेश धामा, बड़ौत विधायक केपी मलिक, छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला, जिला पंचायत अध्यक्षा रेनू धामा और केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह को इसके लिए नियंत्रण दिया है। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि 86 हिंदू जोड़ों के लिए मंडप तैयार करा दिए गए हैं। वहीं 35 मुस्लिम लड़कियों की निकाय की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पंडित और मौलवी का चयन कर लिया गया है। सीडीओ पीसी जायसवाल ने बताया कि शादियां शांतिपूर्ण संपंन होंगी। मानकों के अनुसार आवेदन कराए गए हैं। सभी की जांच और सत्यापन का कार्य कर लिया गया है। इसके बाद ही शादियां कराई जा रही हैं। उधर, प्रशासन की ओर से कराए जा रहे सामूहिक विवाह में 121 बेटियों की शादियां होंगी। इसके लिए प्रत्येक वर-वधू के साथ आठ लोगों ही शादी में शामिल होंगे। इसके लिए सभी को परिजनों को अवगत करा दिया गया है।