बागपत। सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान के दूसरे दिन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदकों को प्रशिक्षण दिया। उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने आवेदकों से कहा की सड़क सुरक्षा यातायात के नियमों की जानकारी होना वाहन चालकों के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा प्रत्येक व्यक्ति सड़क से होकर निकलता है, इसलिए उसे सड़क सुरक्षा का ज्ञान होना बेहद जरूरी है। पलक झपकते ही लोग दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। जल्दबाजी करने से बड़ी बड़ी हादसे का सामना करना पड़ जाता है, इसलिए शासन की मंशा अनुसार प्रतिवर्ष सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान चलाया जाता है।
उन्होंने कहा हमारे जीवन में यातायात के नियमों का पालन करना अति आवश्यक है। मोटर साइकिल चलाने वाले चालक हेलमेट का अवश्य प्रयोग करें। चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। इससे दुर्घटना पर भी नियंत्रण पाया जा सकता है। हादसे होने एंबुलेंस के लिए 102 नंबर पर अवश्य कॉल करें। एक कॉल करने से किसी की जान को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा एंबुलेंस को यातायात के नियमों में जोड़ा गया है। सायरन को सुनते हुए या देखते हुए वाहन चालकों को साइड अवश्य देनी चाहिए। ताकि मरीज सही समय पर अस्पताल तक पहुंच सके। सड़क दुर्घटना में जो घटना घटित हो जाती हैं उनके पीड़ित परिवारों को सरकार की योजनाओं के अंतर्गत क्लेम भी दिया जाता है। छह फरवरी को स्कूल बस वाहन चालकों का स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एआरटीओ कार्यालय में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जाएगा।