बागपत। कचहरी परिसर से 25 हजार का ईनामी जावेद रटौल एचसीपी मंतु सिंह की लापरवाही के कारण भागा था। पुलिस ने आरोपी हेड कांस्टेबल केे खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। जल्दी ही मामले में न्यायालय में सुनवाई होगी।
खेकड़ा थाना क्षेत्र के रटौल गांव निवासी जावेद पुत्र आकिल को हत्या के मामले में पुलिस जिला कारागार से 27 जून 2018 को बागपत कोर्ट में पेशी पर लेकर आई । हवालात से जावेद को एचसीपी मंतु सिंह शर्मा एडीजे स्पेशल एससी/एसटी कोर्ट लेकर जा रहे थे। कचहरी परिसर से वह एचसीपी को चकमा देकर फरार हो गया। उसके कपड़े व चप्पल तीसरी मंजिल पर सीढ़ी से बरामद हुए थे। वह बुरका पहनकर भागा था। तत्कालीन एसपी जयप्रकाश ने एचसीपी मंतु सिंह शर्मा को सस्पेंड किया। फरार जावेद पर 25 हजार का इनाम घोषित किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी हेड कांस्टेबल के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। चार्ज सीट में विवेचक ने लिखा है कि एचसीपी मंतु सिंह शर्मा की लापरवाही के कारण जावेद को कचहरी परिसर से भागने में कामयाब रहा। जल्दी ही न्यायालय में मामले को लेकर सुनवाई होगी। एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधू ने बताया कि एचसीपी के खिलाफ चार्ज सीट दाखिल कर दी। 25 हजार के इनामी जावेद को भगाने में एचसीपी को आरोपी बनाया है।
जावेद को नहीं ढूंढ पाई पुलिस
बागपत। कचहरी से फरार हुए 25 हजार के इनामी जावेद रटौल को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है। वह किसी भी समय बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। जुलाई 2018 में उसकी लोकेश राजस्थान में मिली थी, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह भाग निकला था। उसने राजस्थान से अपने परिचितों को फोन भी किया। अब वह कहां पर है, पुलिस को कुछ नहीं पता। पुलिस ने उसकी तलाश भी बंद कर दी है।
जावेद व उसके भाई के घरों की गई कुर्की
बागपत। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी जावेद व उसके भाई फरियाद के घरों की कुर्की की। एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधू ने बताया कि जावेद का परिवार लालपुर धौलाना जनपद हापुड़ में रहता है। जबकि भाई फरियाद गांव नंगला गोविंदपुर थाना ककौड़ जनपद बुलंदशहर में परिवार सहित रहता है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दोनों के घरों की कुर्की की गई।
कौन है जावेद रटौल
बागपत। खेकड़ा थाना क्षेत्र के रटौल गांव का रहने वाला कुख्यात जावेद रटौल पर विभिन्न थानों में हत्या, लूट, रंगदारी, जानलेवा हमले समेत 15 मुकदमे दर्ज हैं। उस पर खेकड़ा थाने में लूट, हत्या, रंगदारी, जानलेवा हमले के नौ मुकदमे दर्ज हैं। चांदीनगर थाने में हत्या का एक मुकदमा दर्ज है। मेरठ के जानी थाने में लूट, डकैती, 25 आर्म एक्ट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। बिजनौर में लूट का एक मुकदमा दर्ज है। हापुड़ में जानलेवा हमले के एक मुकदमा दर्ज है। वह पहले भी 50 हजार के इनामी रह चुका है।
रामबीर शौकीन भी हो गया था फरार
बागपत। मुजफ्फरनगर जनपद के सरनावली निवासी कुख्यात अमित उर्फ भूरा की फरारी के मामले में जिला कारागार में बंद मुंडका विधानसभा दिल्ली के पूर्व विधायक रामबीर शौकीन 27 सितंबर 2018 को सफदरजंग अस्पताल दिल्ली से पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया। पुलिस पूर्व विधायक का अभी तक पता नहीं लगा पाई।