बड़ौत (बागपत)। गूंगा खेड़ी गांव में 15 दिन से डेंगू से छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग बीमारी से बिस्तर पर पड़े हैं। कई लोगों का दिल्ली, मेरठ, बागपत, बड़ौत, सोनीपत सहित अन्य जगहों पर इलाज चल रहा है। उधर डेंगू से हो रही मौत को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में डेरा जमाए हुए हैं। लगातार गांव मेें फॉगिंग कराई जा रही है और एनाउंसमेंट कराया जा रहा है कि अपने आसपास गंदा पानी एकत्र न होने दे और गंदगी ने फैलाए।
बताया जा रहा है कि गांव का एक व्यक्ति महक सिंह कर्नाटक कोल्हू में काम करने गया था, जब वह गांव लौटा तो उसे तेज बुखार था और कुछ दिन बाद उसकी मौत हो गयी। करीबन 15 से 18 घंटे उसका शव किन्हीं कारणों से घर पर ही रखा गया। तभी से गांव मेें डेंगू फैलने की बात कही जा रही है। धीरे-धीरे एक के बाद एक व्यक्ति बीमार होने लगे और उनकी गांव में मौत का सिलसिला शुरू हो गया। गांव में महक सिंह, गुलाब पुत्र अनंग पाल सहित छह लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि श्रीपाल, अजय, मोनू आदि सहित सैकड़ों लोग बीमार हैं। कुछ लोग गांव में इलाज करा रहे हैं तो कई लोगों का इलाज दिल्ली, मेरठ, बागपत, बड़ौत, सोनीपत सहित अन्य जगहों पर इलाज चल रहा है।
मामले को गंभीरता से लेकर ग्राम प्रधान संजीव ने पूरे गांव मेें फॉगिंग कराई और इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। सूचना पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक, ब्लाक कार्यक्रम समन्वयक सचिन मलिक स्वास्थ्य कर्मियों के साथ गांव पहुंचे और पूरे गांव में कैंप लगाकर लोगों की जांच की। अभी भी गांव मेें स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने डेरा डाला हुआ है और प्रधान संजीव और सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक गांव में घर-घर जाकर और घोषणा कराकर लोगों को घर व आसपास गंदा पानी एकत्र न होने देने व गंदगी न फैलाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। इस संबंध में डॉ. एएसके मलिक ने कहा संभावित डेंगू से मौत हुई है, गांव में कैंप लगाकर लोगों की जांच की जा रही है।