बागपत। एडीएम अनिल कुमार मिश्रा ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटो युक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2019 के तहत विभिन्न राजनीतिक दलों और अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से घर-घर भ्रमण से संबंधित विभिन्न प्रकार की गतिविधियों द्वारा कार्य किया जाएगा।
एडीएम ने कहा एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, ऐसे युवक-युवतियों का नाम मतदाता सूची में सम्मलित किया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारियों की सहायता के लिए सभी राजनीतिक दलों द्वारा अपने-अपने बीएलओ की नियुक्ति की जानी है। मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए मृतक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे। सभी पात्र व्यक्तियों से, जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनसे फार्म-6 भरवाकर जमा कराया जाएगा। त्रुटियों के संशोधन हेतु फार्म-8 भरवाए जाएंगे।
बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर सत्यापन के दौरान घुमंतू, जनजातीय समूह, विकलांग व्यक्तियों, विमुक्त कराए गए बंधुआ मजदूर, विमुक्त कराए गए मेला ढोने वाले व्यक्तियों, दिव्यांगजन तथा अन्य प्रकार के व्यक्तियों को मतदाता सूची में शत-प्रतिशत सम्मिलित किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। घर-घर सर्वेक्षण के दौरान मतदाता सूची में डबल नामों की सूची तैयार कर उनके नाम काटने की कार्रवाई कराई जाएगी। घर-घर सर्वेक्षण के दौरान दिव्यांग मतदाताओं से संबंधित श्रेणीवार चिह्नित करते हुए अलग से इसकी मध्य स्थल वार सूची तथा अन्य सूचना तैयार की जाएगी। बड़ौत तहसीलदार मांगतेराम, बीडीओ बिनौली वेदप्रकाश द्विवेदी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, जिला अध्यक्ष संजय खोखर, कांग्रेस से राकेश शर्मा, सपा से डा. शकील अहमद समेत अन्य राजनीतिक दल के कार्यकर्ता उपस्थ़ित रहे।