पूरे दिन रहा डाक कांवड़ियों का जलवा
बड़ौत। हरिद्वार से गंगाजल लेकर गतंव्य के लिये दौड़ रहे डाक कांवड़ियों ने पुलिस प्रशासन के पसीने छुडा दिए। बुधवार की रात्रि व बृहस्पतिवार को भी डांक कांवड़िये वाहनों व बाइक के आगे दौड़ रहें थे। उन्हें देखने के लिये मार्ग के दोनों ओर भारी भीड़ जमा थी।
बुधवार की रात्रि हरिद्वार से गंगाजल लेकर गतंव्य स्थानों पर जाने वाले डाक कांवड़ियों का नगर की सड़कों से रेला गुजर रहा था। इसके लिए पुलिस प्रशासन को भारी बंदोबस्त करने पड़े। डांक कांवड़िये वाहनों के आगे स्वयं एक-एक करकर दौड़ रहे थे। वहीं उनके पीछे उनके वाहन भी तीव्र गति से दौड़ रहे थे। वहीं कांवड़ियों ने बाइक के साइलेंसर भी हट रखे थे और उनसे काफी शोर हो रहा था। डाक कांवड़ियाें में एक दूसरे से आगे निकलने की भी होड़ लगी थी। बड़े वाहनों पर तेज आवाज वाले डीजे लगे थे और उन पर भोलें की धुन भी चल रही थी। कई वाहनों में कलाकार शिव और पार्वती के वेश में नृत्य करते दिखाई दिये। कावंड़ियों का स्वागत करने वालों में तमाम सामाजिक संगठन भी जुटे रहे।