बड़ौत (बागपत)। छछरपुर गांव में बुधवार को ऊर्जा निगम के खिलाफ पंचायत हुई। इसमेें ग्रामीणों ने कहा निगम के अफसर गांव की लाइन बड़ौत की बजाए किरठल गांव स्थित 132 केवीए बिजलीघर से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, यदि ऐसा हुआ तो गांव स्थित बिजलीघर से जुडे़ कई गांवों की विद्युत सप्लाई प्रभावित होगी। पंचायत में निर्णय लिया कि यदि निगम के अफसरों ने उनकी मांग नहीं मानी तो वे दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर जमा लगा देंगे।
प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट की अध्यक्षता और संजीव के संचालन में हुई पंचायत में गूंगा खेड़ी, बावली, अचारज खेड़ा, छछरपुर आदि गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। इस पंचायत में प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट ने कहा कि गांव स्थित 33/11 बिजलीघर को बड़ौत से सप्लाई दी जा रही है, जिसकी दूरी गांव से मात्र पांच किमी है। लेकिन गांव को पर्याप्त मात्रा में सप्लाई नहीं मिल रही है। अब गांव के बिजलीघर को किरठल गांव स्थित 132 केवीए बिजलीघर से जोड़ा जाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसकी दूरी गांव से 30 से 35 किमी है। इस लाइन को जोड़ने के रास्ते में रेलवे लाइन क्रासिंग भी करनी होगी और विभाग को भी काफी नुकसान उठाना पड़ेगा। साथ ही गांव स्थित बिजलीघर से जुडे़ आधा दर्जन गांवों को सप्लाई मिलने में परेशानी होगी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक्सईएन द्वितीय याद्रवेंद्र से बातचीत की तो उन्होंने मना कर दिया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है। पंचायत मेें मांग पूरी न होने पर हाइवे जाम करने का निर्णय लिया गया। अधिशासी अभियंता याद्रवेंद्र का कहना था कि ग्रामीण इस संबंध मेें मिले थे। पहले से ही सर्वे की बात चल रही है। पंचायत में महिपाल, राकेश, सुनील, प्रधान संजीव गूंगा खेड़ी, प्रदीप, राजवीर, रामनिवास, धर्मेंद्र, सुरेंद्र, दिनेश, जयवीर शामिल रहे।