दोघट (बागपत)। भड़ल गांव में किसानों की बैठक में सहकारी गन्ना विकास समिति बुढ़ाना द्वारा क्षेत्र के किसानों को खाद न दिए जाने पर गुस्सा है। उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी।
वक्ताओं ने कहा सहकारी गन्ना विकास समिति बुढ़ाना में चौगामा क्षेत्र के 12 गांवों के किसानों का हिस्सा है। समिति का भड़ल गांव में खाद गोदाम है। गोदाम पर पिछले माह से खाद नहीं आ रही है। इससे चौगामा क्षेत्र के किसान परेशान हैं। इस समय गन्ने की बुवाई चल रही है और किसानों को खाद की सबसे ज्यादा जरूरत है। किसान रोज समिति के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं दी जा रही। किसानों को शिकायत करने के लिए मुजफ्फरनगर या सहारनपुर जाना पड़ता है, जिसका फायदा समिति के अधिकारी उठा रहे हैं। भड़ल में गोदाम पर खाद भिजवाई जाए। उन्होंने कहा यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो गन्ना आयुक्त लखनऊ से शिकायत होगी। इसमें सुखवीर सिंह, देवेंद्र सिंह, बीर सैन, कृष्णपाल, सुदेश, राजेंद्र, यशपाल आदि रहे।
दूसरी तरफ सहकारी गन्ना विकास समिति बुढ़ाना के सचिव विश्वामित्र त्रिपाठी ने कहा तकनीक कारण से भड़ल गोदाम को खाद नहीं मिला है। इस कारण खाद की कमी चल रही है। उन्होंने कहा गोदाम की बिल काटने की सभी मशीन खराब हैं। संबंधित कंपनी को सूचना दे दी, लेकिन ठीक नहीं है। जब तक मशीन ठीक नहीं होगी खाद का वितरण नहीं होगा।