बड़ौत (बागपत)।
फिलहाल क्षेत्र मेें गेहूं कटाई का सीजन चल रहा है, लेकिन पिछले एक सप्ताह से दो-तीन दिन के अंतराल मेें हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरने का काम किया है। बरसात से जहां सरसों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, वहीं चल रही गेहूं की कटाई कुछ दिनों के लिए रुक गई। इससे किसान आहत है।
एक तो क्षेत्र का किसान पहले से बकाया गन्ना भुगतान न होने से परेशान है, ऊपर से अब गेहूं कटाई सीजन में बरसात ने किसानों की रीढ़ की हड्डी तोड़ने का काम किया है। तीन दिन पहले बरसात के बाद जैसे ही बुधवार को दोबारा से क्षेत्र में गेहूं की कटाई का कार्य शुरू हुआ, वैसे ही दोबारा से बरसात हो गई। बरसात के चलते जहां खेतों में खड़ी सरसों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, वहीं गेहूं कटाई भी कुछ दिनों पीछे हट गई। इससे किसान आहत है। किसानों में जयवीर तोमर, यशवीर तोमर, जयपाल, बिजेंद्र, सुधीर ने कहा गेहूं की फसल तैयार है, उम्मीद थी कि इस बार गत वर्ष की भांति भगवान उनका साथ देगा, लेकिन इस बार भी गेहूं कटाई शुरू होते हुए मौसम का बिगड़ना और बरसात होना किसानों के लिए चिंता का विषय है। इसमेें बेचारा किसान कर भी क्या सकता है। बरसात के साथ आई तेज हवाओं से गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई और पक्की हुई फसल के दाने जमीन पर बिखर गए है। सरसों की फसल का भी यही हाल है। इससे किसानों को काफी नुकसान पहुंचेगा।