ग्राम सचिव के साथ अभद्रता पर रोष जताया
बड़ौत (बागपत)। ढ़िकाना गांव मेें शौचालय निर्माण की जांच करने के दौरान ग्राम सचिव के साथ हुई अभद्रता के मामले में क्षेत्र मेें तैनात ग्राम सचिवों ने रोष जताया है। सोमवार को उन्होंने ब्लॉक मुख्यालय पर बैठक कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
अध्यक्षता ग्राम सचिव भूपेंद्र ने की और संचालन विकुल ने किया। बैठक मेें वक्ताओं ने कहा कि विकास कार्यों और शौचालय निर्माण की जांच के दौरान आए दिन शरारती तत्व ग्राम सचिवों के साथ विवाद कर रहे हैं। इससे सरकारी कार्य प्रभावित हो रहा है। बैठक में ढ़िकाना गांव में रविवार को शौचालय निर्माण की जांच करने पहुंचे ग्राम सचिव प्रिंस जैन के साथ हुई अभद्रता के मामले मेें नाराजगी जताई गई। बैठक में तय किया गया कि यदि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो ग्राम सचिव आंदोलन शुरू कर देंगे। उधर, बीडीओ प्रेमचंद का कहना है कि ग्राम सचिव के साथ अभद्रता बर्दास्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन से शिकायत कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है। बैठक मेें सतीश, संजय, रोहित, विकास राठी, रेशू, प्रिंस जैन शामिल रहे।