एसडीओ और जेई को लगाई फटकार
बड़ौत। नगर के मुख्य शिकायत केंद्र पर बृहस्पतिवार देर शाम अधिशासी अभियंता ने निरीक्षण किया तो कर्मचारियों मेें अफरातफरी मच गई। इस दौरान अधिशासी अभियंता ने एसडीओ और जेई को राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा न होने पर फटकार लगाई।
अधिशासी अभियंता द्वितीय एसपी टांक बृहस्पतिवार देर शाम निरीक्षण के दौरान मुख्य शिकायत केंद्र पर पहुंचे। इससे कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान उन्होंने विभागीय रिकार्डों की जांच की। इसमें कुछ महत्वपूर्ण रिकार्ड अधूरे मिले। उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने वहां मौजूद एसडीओ चेन सिंह और अवर अभियंता इंद्रपाल को राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा न होने पर जमकर फटकार लगाई।
इसके साथ ही किसी भी कीमत पर लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए। लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधित शिकायतें सुनी। उपभोक्ताओं से समय पर बकाया विद्युत बिल जमा करने की अपील की गयी। साथ ही उन्हें नया विद्युत कनेक्शन लेने की जानकारी दी। साथ ही सक्रिय दलालों से दूर रहने की हिदायत दी।