बागपत। जिले में मनरेगा की स्थिति दयनीय है। मजदूरों को कार्य नहीं मिल रहा है। ग्राम्य आयुक्त ने समीक्षा की तो जिले में मनरेगा से होने वाले कार्य अधूरे मिले तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
जिले में मजदूरों को मनरेगा से कार्य नहीं मिल रहा है। दूसरे राज्यों में अधिक मजदूरी होने के कारण लोग बाहर काम की तलाश में जा रहे हैं। इससे स्थिति बेहद खराब हो रही है। नोडल अधिकारी ने भी इस पर चिंता जताई और व्हाट्स एप नंबर जारी करने के निर्देश दिए हैं। अभी तक इस पर कोई कार्य नहीं हो रहा है। मनरेगा से होने वाले अधिकांश कार्य अभी अधूरे पड़े हैं। ग्राम्य आयुक्त पारथी सेन शर्मा ने मनरेगा के कार्यों की समीक्षा की तो नाराजगी जताई। डीएम और जिला कार्यक्रम समन्वयक को पत्र जारी कर अवगत कराया कि मनरेगा सॉफ्टवेयर पर कार्य अधूरे प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जो सही नहीं है। काफी संख्या में अपूर्ण कार्य होने से नए कार्य शुरू नहीं हो रहे है। इससे कार्यों की गुणवत्ता एवं योजना की सामान्य छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। इसके लिए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ अपने स्तर से कार्रवाई करें। इस संबंध में परियोजना निदेशक मोहनलाल पटेल ने कहा कि जिले में मनरेगा की खराब स्थिति नहीं है। करीब 80-90 प्रतिशत कार्य पूर्ण है। जल्द उन्हें पूरा कराया जा रहा है।