बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर खेड़की गांव के निकट ट्रक से कुचले जाने के कारण बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया है।
बुधवार को बड़का गांव निवासी शब्बीर (55) बाइक पर सवार होकर गांव से बदरपुर के लिए चला था। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर खेड़की गांव के निकट बस को ओवरटेक कर रहा था। इस बीच विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने शब्बीर को कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस हादसे के बाद बड़का में गम का माहौल है। मृतक के बेटे तराबुदीन ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उधर, मीतली चौराहे पर हादसे में मारे गए युवक अरुण शर्मा के परिजनों ने भी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।