बागपत/चांदीनगर/खेकड़ा। जनपद में कोरोना संक्रमण की दहशत और दायरा दोनों बढ़ रहे हैं। रविवार को एसडीएम खेकड़ा के ड्राइवर, अर्दली और चांदीनगर थाने के तीन पुलिसकर्मी सहित 21 संक्रमित मिले हैं। इनमें बागपत नगर में एक, बड़ौत में दो और चमरावल गांव में एक ही परिवार के चार लोग भी शामिल हैं। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 265 पर पहुंच गई हैं।
खेकड़ा तहसील के एसडीएम राजपाल सिंह और पालिका ईओ पहले ही संक्रमित मिल चुके हैं। दोनों के संक्रमित मिलने के बाद तहसील कर्मियों की कोरोना जांच कराई गई थी। एसडीएम के ड्राइवर और अर्दली भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे तहसील कर्मी दहशत में हैं। इसके अलावा अस्थायी जेल में बदले गए एमएम डिग्री कॉलेज के प्राचार्य और खेकड़ा की पावर लूम फैक्टरी के दो कर्मचारी पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया। चांदीनगर थाने में एक दारोगा और एक मुंशी में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने थाने को सैनिटाइज कराकर सील कर दिया था। अन्य पुलिसकर्मियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। रविवार को थाने के हेड मोहर्रिर, दीवान और एक होमगार्ड में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब थाने में एक होमगार्ड सहित पांच पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित हैं।
चमरावल गांव में एक ही परिवार के चार लोगों और एक आशा वर्कर में भी कोरोना की पुष्टि होने से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर सैनिटाइजर का छिड़काव कराया। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की सैंपल लेने के लिए सूची तैयार की।
हैंडलूम फैक्टरी की एक यूनिट सील
खेकड़ा। खेकड़ा की पावर लूम फैक्टरी के दो कर्मचारी पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कोविड अस्पताल के प्रभारी डॉ. ताहिर ने बताया कि फैक्टरी की एक यूनिट को सील कर दिया गया है। 20 कर्मचारियाें और मजदूरों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए है। फैक्टरी मालिक और अन्य कर्मचारियों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए है।