बड़ौत (बागपत)। नगर और क्षेत्र में बढ़ रहे बेसहारा पशुओं से निजात दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को सिनौली गांव के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। बाद मेें सभी एकत्र होकर तहसील पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई न होने पर बड़ौत-छपरौली मार्ग को अवरुद्ध करने की चेतावनी दी।
मंगलवार को काफी संख्या में ग्रामीण समाजसेवी विपिन पूनिया के नेतृत्व में गांव में एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि गांव व आसपास क्षेत्र में बेसहारा पशुओं की संख्या बढ़ रही है, इससे किसानों को फसल बचाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। कड़ाके की सर्दी में पहरेदारी के बावजूद आवारा पशु फसलों को नष्ट कर देते हैं। कई बेसहारा पशु लोगों को टक्कर मारकर घायल कर देते हैं। बाद में सभी एकत्र होकर तहसील पहुंचे और एसडीएम अरविंद कुमार को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। जल्द कार्रवाई न होने पर बड़ौत-छपरौली मार्ग को अवरुद्ध करने की चेतावनी दी। इसमें सत्यपाल, राजीव मान, रामवीर मान, विपिन कुमार, राजपाल, वेदपाल, संजय, सुरेंद्र मान, पाल सिंह आदि रहे।