चांदीनगर (बागपत)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर सिंगौली तगा गांव के पास तेज रफ्तार कैंटर ने पुलिस की डायल 100 गाड़ी में सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद डायल 100 गाड़ी सड़क पर पलट गई। हादसे में दरोगा और होमगार्ड घायल हो गए। घायलों को खेकड़ा सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त गाड़ी को एक्सप्रेस-वे से हटवाया। दुर्घटना के बाद चालक कैंटर को छोड़कर भाग गया।
एक्सप्रेस-वे पर बुधवार को दोपहर के समय डायल 100 पुलिस सिंगौली तगा के पास खड़ी थी। खेकड़ा के तरफ से आ रहे कैंटर ने डायल 100 गाड़ी में सामने से टक्कर मार दी। इससे पुलिस की गाड़ी सड़क पर पलट गई। हादसे में गाड़ी में सवार एसआई प्रमोद शर्मा और होमगार्ड सुरेंद्र गंभीर घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। सूचना पर चांदीनगर थाना पुलिस पहुंची और घायलों को खेकड़ा सीएचसी में भर्ती कराया। दुघर्टना के बाद चालक कैंटर को छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त गाड़ी को एक्सप्रेस-वे से हटवाया। कैंटर को कब्जे में लेकर थाने ले गई। थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। कैंटर को कब्जे में ले लिया। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।