परिषदीय स्कूलों में लगेगी किसानों की पाठशाला
बागपत। किसानों की पाठशाला में उन्नत कृषि और सरकार की योजनाओं से अवगत कराया जाएगा। प्रथम चरण में 12 से 15 दिसंबर और दूसरे चरण में 17 से 20 दिसंबर को पाठशालाओं को आयोजन होगा। उप कृषि निदेशक प्रशांत कुमार ने सभी बीडीओ, एडीओ कृषि और सभी उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
परिषदीय विद्यालयों में किसानों की पाठशाला लगेगी। स्कूलों की छुट्टी के बाद कृषकों को कृषि का पाठ पढ़ाया जाएगा। इसके लिए कार्य योजना से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। उप कृषि निदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि पहले चरण में 12 से 15 दिसंबर और दूसरे चरण में 17 से 20 दिसंबर को किसान पाठशाला लगेगी। सभी बीडीओ, एडीओ कृषि और सभी उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित कर दिया गया है। शाम के समय स्कूलों की छुट्टी के बाद तीन से साढ़े चार बजे तक किसानों को कृषि से संबंधित जानकारियां दी जाएंगी। सचिव ओर लेखपाल के सहयोग से विद्यालयों में किसानों के बैठने के लिए दरी की व्यवस्था गांव से ही कराई जाएगी। किसी कारण से स्कूल खाली नहीं है तो पंचायत परिसर में पाठशाला कराई जाएंगी। इसमें जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। उनके माध्यम से भी किसानों को योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। सर्वाधिक उपस्थिति के लिए पूर्व और वर्तमान प्रधान, प्रगतिशील किसान को भागीदारी करने के लिए अवगत कराया जाएगा। इस पाठशाला में किसान क्रेडिट कार्ड, रुपे कार्ड विषय को भी शामिल किया गया है। बैंक अधिकारी किसानों को योजनाओं के विषय में जानकारी देंगे।