बागपत। हलालपुर गांव के दिव्यांग कोटेदार की दुकान पर गांव के एक व्यक्ति ने जबरन कब्जा कर लिया। लाखों रुपये का राशन हड़प लिया। वहीं फर्जी तरीके से ग्राम सचिव की मोहर और हस्ताक्षर कर राशन लिया। बड़ौत बीडीओ ने जांच कर रिपोर्ट डीडीओ को सौंपी। एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीडीओ हुब लाल ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से हलालपुर गांव में अनुसूचित जाति के दिव्यांग अर्जुन सिंह पुत्र श्रीचंद को सस्ते गल्ले की दुकान मिली थी। इससे वह परिवार का पालन पोषण कर रहा था। गांव के ही एक व्यक्ति ने फायदा उठाकर दुकान पर कब्जा जमा लिया। विरोध करने पर धमकी दी। इसके बाद उसने लाखों रुपये का राशन को हड़प लिया और तो और पंचायत सचिव के फर्जी हस्ताक्षर करके उसकी मोहर भी लगानी शुरू कर दी। जिसका खेल काफी दिनों तक चलता रहा। जब गरीबों को समय से राशन नहीं मिला तो मामले की शिकायत बड़ौत ब्लॉक में की।
बड़ौत बीडीओ प्रेम चंद ने गांव पहुंचकर मामले की जांच की। पता चला कोटे की दुकान पर ही एक व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। दिव्यांग को राशन का वितरण नहीं करने देता। इतना ही नहीं वह पंचायत सचिव के फर्जी हस्ताक्षर करता है और उसकी ही मोहर लगाता है। जब सचिव से बात की तो उसने हस्ताक्षर और मोहर लगाने के मामले से इंकार कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों के ब्यान लिए, सभी ने इसकी पुष्टि की। बीडीओ ने मामले की रिपोर्ट डीडीओ हुबलाल को दी। रिपोर्ट मिलने के बाद डीडीओ ने बड़ौत एसडीएम को पत्र लिखकर फर्जी तरीके से राशन हड़पने वाले दबंग व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और आख्या उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।