बड़ौत (बागपत)।
नगर के रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय यात्रियों मेें अफरा तफरी मच गई, जब स्टेशन पर बैठी एक महिला रोते-रोते बेहोश हो गई। सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची और महिला को किसी तरह होश मेें लायी। महिला की आपबीती सुनकर जीआरपी ने महिला के बिछडे़ बच्चों को ढूंढकर महिला को सौंपा।
शामली की रहने वाली आरती शनिवार की शाम बड़ौत अपने भाई के घर पर राखी बांधने के लिए आयी । रविवार को जब वह राखी बांधकर नगर के रेलवे स्टेशन पर पहुंची और टिकट लेकर दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 74021 का इंतजार करने लगी, तभी उसके दो बच्चे ( आर्यन और अविका) लापता हो गए। महिला ने उन्हें ढूंढने की काफी कोशिश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। इस दौरान महिला रोते-रोते बेहोश हो गई। महिला को बेहोश देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची और महिला के चेहरे पर पानी डालकर उसे होश में लाएं। होश मेें आते ही महिला फिर से रोने लगी और जीआरपी को घटना बताई। इससे जीआरपी मेें भी हड़कंप मच गया। जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर बच्चों को ढूंढने के बाद स्टेशन के बहार रेलवे रोड पर बच्चों को ढूंढा तो दोनों बच्चे एक दुकान से खाने की चीजें खरीद रहे थे। बाद मेें जीआरपी ने उन्हें महिला को सौंपा। इसके बाद महिला ने दोनों बच्चों को डांटकर गले से लगा लिया। जीआरपी ने महिला को ट्रेन मेें बैठाकर शामली की ओर रवाना किया।