बागपत-सोनीपत मार्ग पर गौरीपुर गांव के पास कैंटर ने बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दिव्यांग युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। दुर्घटना के बाद चालक कैंटर को छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
सिलाना गांव निवासी अजय कुमार (38) पुत्र महीपाल बागपत में कलक्ट्रेट के बाहर लगे सिंडिकेट बैंक के एटीएम पर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। पिता महीपाल ने बताया कि बुधवार की रात 10 बजे वह सिसाना गांव निवासी दिव्यांग संजीव पुत्र जनक को साथ लेकर बाइक से हरियाणा में पेट्रोल लेने गया । पेट्रोल डलवाकर जब दोनों लौट रहे थे तो बागपत-सोनीपत मार्ग पर गौरीपुर के पास पीछे से कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। अजय कुमार के ऊपर से पहिया उतर गए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि संजीव सड़क पर गिर कर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद चालक कैंटर को छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने कैंटर को मार्ग से हटवाकर जाम खुलवाया। इस संबंध में मृतक के पिता महीपाल ने कैंटर नंबर एचआर 55 पी 5747 के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई । युवक की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अविवाहित था और 13 जुलाई से ही एटीएम पर नौकरी कर रहा था।