बड़ौत (बागपत)। आर्थिक तंगी से चलते दिव्यांग युवक ने इच्छा-मृत्यु के लिए डीएम और एसपी को ट्वीट कर अनुमति मांगी है। ट्वीट होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया, कोतवाली मेें दिव्यांग को बुलाया गया और बाद में ब्यान दर्ज करते हुए उसे डीएम के पास भेजा।
संजीव पुत्र जयभगवान जन्म से दिव्यांग है। वह पट्टी मेहर बड़ौत का रहने वाला है, उसका एक पैर पोलियो ग्रस्त है। उसकी पत्नी संजना की मौत छह साल पहले हो चुकी हे, उसके दो लड़की और दो लड़के हैं, इनमें प्रिंस, प्रिया, अक्षु व मीरा शामिल हैं। उसकी जीविका का कोई साधन नहीं हैं। दिव्यांग पेंशन व कुछ काम के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कुछ नहीं हुआ। उसने इच्छा मृत्यु की मांग को लेकर डीएम व एसपी को ट्वीट किया तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। मंगलवार को उसे पहले कोतवाली बुलाया और फिर उसे डीएम और एसपी के पास बागपत भेजा, जहां डीएम व एसपी ने जानकारी हासिल करने के बाद उसकी मदद करने का आश्वासन दिया। ब्यूरो