बड़ौत (बागपत)।
पंचायती सांड़ गायब होने का मामला हिलवाड़ी गांव में ही नहीं क्षेत्र मेें गर्माया हुआ है। जहां शनिवार की देर शाम गांव में पंचायत हुई , वहीं रविवार की देर शाम दोबारा से पंचायत बुलाई गई। दूसरी तरफ पंचायत की सूचना पर गांव में एएसपी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से गांव में भाईचारा और सौहार्द बनाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि हिलवाड़ी गांव में 11 जून को मीना नाम का पंचायती सांड़ लापता हो गया । ग्रामीण सांड़ को देवता की तरह पूजा करते थे और उसकी देखरेख में लगे रहते थे। कई दिन पहले लोगों ने गांव के पास बंद ईट भट्ठे पर सांड़ के अवशेष दबे होने और सांड़ को मारने का दावा किया । इसके बाद भट्ठे के पास ही सांड़ की खाल आदि भी बरामद की। ग्रामीणों ने गांव के ही एक विशेष समुदाय के युवक पर शक जताकर कोतवाली मेें तहरीर दी । इसके बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी है। इस पूरे मामले में पंचायत कर कमेठी गठित कर उन्हें आरोपी को पकड़ने और उसे सजा दिलाने की जिम्मेदारी सौंपी। शनिवार की देर शाम भी पंचायत हुई और शक के दायरे में आने वाले युवक को बुलाया, इसमें उसने घटना से इंकार कर दिया । रविवार की देर शाम फिर से इस मामले में पंचायत हुई, तो सूचना पर पुलिस प्रशासन मेें हड़कंप मच गया। सूचना पर एएसपी राकेश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से गांव में भाईचारा और सौहार्द बनाने की अपील की। साथ ही ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जो भी इस घटना शामिल है, उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई होगी।