बड़ौत (बागपत)।
महावतपुर गांव के अब्दुल हमीद की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को शाम के समय सिंडिकेट बैंक की बावली शाखा के प्रबंधक के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया पुलिस ने शाखा प्रबंधक के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
ग्राम प्रधान महावतपुर मुकेश, प्रधान गूंगा खेड़ी संजीव, प्रधान अजय कुमार, प्रधान जगदीश आदि के नेतृत्व में बावली सहित अन्य गांव के ग्रामीण सिंडिकेट बैंक की शाखा के सामने सोमवार से धरने पर बैठ थे। उन्होंने कहा बावली निवासी अब्दुल हकीम पुत्र अब्दुल हमीद के खाते से एक लाख आठ सौ रुपये, अनूप पुत्री अजेंद्र के खाते से 12 हजार रुपये और केशू पुत्र दीपचंद के खाते से एक लाख 38 हजार की धनराशि निकाल ली। बैंक में इसकी शिकायत की, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा जब गांव के लोग शिकायत पर कार्रवाई की जानकारी लेने जाते हैं तो बैंक कर्मी अभद्रता कर धमकी देते हैं। इसके अलावा उन्होंने बैंक में गांव रूस्तमपुर, बावली, फतेहपुर, गूंगा खेड़ी, बरवाला, खड़खड़ी के खातेदारों की पासबुक में गन्ना भुगतान को नहीं दर्शाना और एंट्री नहीं करने के भी आरोप लगाए है। पीड़ित अब्दुल हकीम, अनूप और केशू ने कोतवाली में शाखा प्रबंधक के खिलाफ सोमवार की रात में तहरीर दी थी।
बुधवार को कोतवाली प्रभारी एके सिंह धरना स्थल पर ग्रामीणों के बीच पहुंचे और बैंक से सभी अभिलेख कब्जे मेें लेकर बावली हल्के के प्रभारी दरोगा को जांच कर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। धरने पर प्रशांत, वीरेंद्र, शांतुन, विनय, अमित, विशाल, विकास, विपिन, अर्जुन, सलीम, सेवाराम, ओमपाल, सत्यपाल, हरपाल आदि रहे। पुलिस ने बुधवार को शाम के समय महावतपुर गांव के अब्दुल हमीद पुत्र अब्दुल रसीद की तहरीर पर बैंक के शाखा प्रबंध के खिलाफ मामला दर्ज किया। रिपोर्ट दर्ज होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने धरने समाप्त करने की घोषणा कर दी । दूसरी तरफ एसके सिंह कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जांच कर बुधवार को शाम के समय धोखाधड़ी मेें शाखा प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।