बड़ौत (बागपत)।
जनता वैदिक इंटर कॉलेज में शनिवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा बल के बीच यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया गया। इससे पूर्व कॉलेज परिसर मेें बनाए गए संकलन केंद्र प्रभारी डा. रेखा सिंह ने मूल्यांकन कार्य में लगे परीक्षकों को उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करने का प्रशिक्षण दिया। डा. रेखा सिंह ने बताया कि 13 मार्च को जिले के 47 केन्द्रों पर बोर्ड परीक्षा संपन्न हुई है। बागपत में यमुना इंटर कॉलेज व जेवी इंटर कॉलेज बड़ौत को संकलन केन्द्र बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन कार्य में 547 परीक्षक और 59 उप प्रधान परीक्षक तैनात किए गए हैं। लापरवाही करने वाले परीक्षकों के खिलाफ डीआईओएस सहित शिक्षा विभाग के आला अफसरों को संस्तुति भेजी जाएगी।
एक साल बाद भी नहीं मिला पारिश्रमिक
उधर शिक्षक अरविन्द कुमार, कमलेश कांत बागी व देशपाल सिंह ने डीआईओएस को पत्र भेजकर बताया कि गत सत्र 2017 में हाईस्कूल अंग्रेजी विषय के मूल्यांकन का कार्य जेवी इंटर कॉलेज पर किया था, लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद उन्हें मूल्यांकन पारिश्रमिक भुगतान नहीं मिला है। उन्होंने प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की मांग की। उधर शिक्षक नेता मास्टर जितेन्द्र तोमर ने उक्त शिक्षकों की समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर मूल्यांकन स्थल पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी।