85 की उम्र में फर्राटा दौड़े इलमचंद
बिनौली (बागपत)। जिले के रंछाड गांव के 85 वर्षीय इलमचंद तोमर ने कर्नाटक के बंगलूरू में हुई नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण सहित छह पदक जीतकर सभी को हैरान कर दिया है। उनके इस प्रदर्शन पर मंगलवार को गांव में ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
बता दें कि जनपद के रंछाड गांव निवासी 85 वर्षीय पूर्व प्रधानाचार्य इलमचंद तोमर ने मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन आफ इंडिया के तत्वावधान में कर्नाटक के बंगलूरू स्थित केंटीरवा इंडोर स्टेडीयम में 20 से 25 फरवरी तक 39वीं नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2018 में भाग लिया। इसमें देशभर से आए प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए इलमचंद तोमर ने 100 मीटर फर्राटा दौड़, पोल वाल्ट और स्टिपल चेज स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक, ऊंची कूद स्पर्धा में रजत और लंबी व तिहरी कूद स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। इससे पूर्व भी वे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में कई पदक जीत चुके हैं। पदक विजेता का उनके गांव में ग्रामीणों ने फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। युवाओं को भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।