शिक्षक आज करेंगे शिक्षण कार्य का बहिष्कार
बड़ौत (बागपत)। बुलंदशहर के शिक्षक ने पिछले 6 महीने से भुगतान नहीं होने के कारण आत्महत्या करने के विरोध में जनपद के तमाम शिक्षक बृहस्पतिवार को शिक्षण कार्य का बहिष्कार करेंगे।
बुधवार को दिगंबर जैन इंटर कॉलेज में हुई शिक्षकों की बैठक में शिक्षक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पब्लिक इंटर कॉलेज गोलीगढ़ इलाहाबाद के शिक्षक बिजेंद्र का पिछले एक वर्ष से अध्यापक पद पर चयन हो गया था। कार्यभार ग्रहण करने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, लिपिकों व संस्था के प्रबंधक ने चार लाख रुपये की उगाही की तथा वेतन भुगतान पर भी पचास हजार की मांग करने पर उक्त अध्यापक ने आर्थिक तंगी से जूझकर आत्महत्या कर ली। इस पर प्रदेश के शिक्षकों में भारी आक्रोश है। शिक्षक नेता ने बताया कि इस घटना पर जनपद के तमाम शिक्षक विद्यालय में आज उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद बैठक कर शोकसभा कर शिक्षण कार्य का बहिष्कार करेंगे तथा इसके उपरांत दोपहर को संयुक्त शिक्षा निदेशक मेरठ के कार्यालय पर इकट्ठा होकर दोषी शिक्षा अधिकारियों, लिपिकों व प्रबंधक की गिरफ्तारी की मांग करेंगे। इस अवसर पर प्रचार मंत्री अजय राज शर्मा व ललित जैन ने भी विचार रखे।