बड़ौत (बागपत)।
विद्युत निगम की टीम ने मंगलवार को नगर में बिजली चोरी करने वालों और बकायादारों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया, इससे उपभोक्ताओं में खलबली मच गई। इस दौरान कई जगहों पर उपभोक्ताओं ने चेकिंग का विरोध कर टीम के साथ नोकझोंक की। जेई टाउन इंद्रपाल ने नाराज लोगों को समझाकर शांत किया।
एसई रामबीर सिंह और अधिशासी अभियंता एसपी टांक के आदेश पर मंगलवार को जेई टाउन के नेतृत्व में गठित ग्रामीण व नगर की विद्युत टीम ने बिजली चोरी व बकायादारों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। अभियान की सूचना से उपभोक्ताओं मेें खलबली मच गई। इस दौरान टीम का गांधी रोड, नेहरू रोड व पठान कोठ मोहल्ले में उपभोक्ताओं ने विरोध भी किया। उनका आरोप था कि चेकिंग के नाम पर उपभोक्ताओं को डरा धमकाकर उनसे अवैध वसूली की जा रही है। जिन उपभोक्ताओं ने हाल ही में बिल जमा किया है, उनके यहां पर बकाया दर्शाकर उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराने तक की धमकी दी जा रही है। जेई टाउन ने उपभोक्ताओं को समझाया कि शासन के आदेश पर अभियान चलाया जा रहा है, अवैध वसूली नहीं की जा रही है, यदि कोई कर्मचारी पैसे मांगता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। टीम ने 30 बड़े बकायादारों के कनेक्शन काटे। 1.5 लाख की राजस्व वसूली की। दर्जनों त्रुटि पूर्ण विद्युत बिल ठीक किए । टीम में जेई विकास, सुनील, सोमपाल, शीलू, इमरान शामिल रहे।