बड़ौत (बागपत)। नगर और क्षेत्र में शनिवार को सुबह के समय हुई बूंदाबांदी से लोगों को जहां भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं लोग पूरे दिन तेज बारिश का इंतजार करते रहे।
पिछले कई दिन से लोग भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। ऊपर से सड़कों और नगर व क्षेत्र के बीच से गुजरने वाले भारी वाहनों से उठने वाली धूल उनकी मुश्किलें बढ़ा रही थी। शनिवार को अचानक मौसम बदला और हल्की हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई, इससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि लोग पूरे दिन तेज बारिश का इंतजार करते रहे। उधर, किसान राजवीर, यशवीर तोमर, जयवीर तोमर, बलबीर, अनिल कुमार एडवोकेट, रविंद्र प्रधान आदि ने कहा इस बार क्षेत्र में बारिश बहुत कम हुई है, जिस कारण क्षेत्र मेें पेयजल संकट गहरा गया है और फसलें भी बिन बिजली और बारिश के सूखने की कगार पर है। न तो किसानों को अच्छी सप्लाई मिल रही है और न ही अच्छी बारिश हुई है।