बड़ौत (बागपत)। क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार व्यापक पैमाने पर किया जा रहा है। लेकिन पुलिस-प्रशासन मूकदर्शक बना है। जिन स्थानों से मिट्टी उठाकर माफिया उठा ले जा रहे हैं, उनके आस-पास के किसानों को काफी कठिनाई हो रही है।
अवैध मिट्टी खनन का यह कारोबार दिन छिपते ही शुरू हो जाता है। सड़कों पर मिट्टी से भरी ट्रैक्टर- ट्रॉलियां दौड़ने लगती हैं। यह कारोबार वाजिदपुर, सभाखेड़ी, खड़खड़ी व अन्य गांवों में किया जा रहा है। यहां के मिट्टी माफिया इस कारोबार में सक्रिय हैं। किसानों का कहना है कि जिस स्थान से ये मिट्टी का खनन करते हैं, उनके पड़ोसी किसानों के खेत नीचे होने से फसल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ये मिट्टी खनन माफिया नगर की कालोनियों में ऊंची दरों पर भराव का काम करते हैं। इस संबंध में तहसीलदार प्रदीप कुमार का कहना है कि उनके संज्ञान में अभी यह मामला नहीं आया था। सोमवार को मिट्टी खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान छेड़ा जायेगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।