खेकड़ा (बागपत)। चार जनपदों के ड्रग्स इंस्पेक्टरों ने एसडीएम खेकड़ा के नेतृत्व में चार मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। कस्बे में कई दिनों से नशे की दवा बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद डीएम के निर्देश पर मेडिकल स्टोरों से दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजा। दवा में नशा मिलने पर संबंधित मेडिकल स्टोर के खिलाफ कार्रवाई होगी।
ड्रग्स इंस्पेक्टर वैभव बब्बर ने बताया कि कई दिनों से खेकड़ा के मेडिकल स्टोरों पर नशे की दवा बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। छापेमारी के लिए सहायक आयुक्त औषधि मेरठ मंडल ने जांच के लिए टीम का गठन किया। इसमें बागपत, मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ के औषधि निरीक्षकों को शामिल किया। टीम ने एसडीएम खेकड़ा पुलकित गर्ग के नेतृत्व में मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। मेडिकल स्टोरों पर बागपत के ड्रग इंस्पेक्टर वैभव बब्बर, मेरठ ड्रग इंस्पेक्टर पवन शाक्या, हापुड़ ड्रग इंस्पेक्टर लवकुश प्रसाद व गाजियाबाद के ड्रग इंस्पेक्टर पूरन चंद पहुुंचे। वैभव बब्बर ने बताया कि एक मेडिकल स्टोर से दस दवा की जांच की गई। इसमें एक दवा को नमूना लिया। दूसरे मेडिकल स्टोर एक दवा का नमूना लिया। तीसरे मेडिकल स्टोर से तीन दवा के नमूने लिए, चौथे मेडिकल स्टोर से तीन संदिग्ध दवा के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भिजवाया। एसडीएम पुलकित गर्ग ने बताया कि पिछले काफी दिनों से मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाईयों की बिक्री किए जाने की शिकायतें उच्चाधिकारियों को मिल रही थी। इसलिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह छापेमारी अभियान चलाया ।