बड़ौत (बागपत)।
ऊर्जा निगम द्वारा शाम के समय की जा रही अघोषित विद्युत कटौती यूपी बोर्ड की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों पर भारी पड़ रही है। शाम होते ही कई कई बिजली गुल रहती है, इससे छात्र छात्राएं परीक्षा की सही ढंग से तैयारी नहीं कर पा रहे है। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों मेें आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने शेडयूल बदलकर सहीं ढंग से सप्लाई सुचारु कराने की मांग की। साथ ही मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बता दे कि यूपी बोर्ड परीक्षाएं चल रही है और आने वाले कुछ दिनों मेें सीबीएसई की परीक्षा भी संचालित होनी तय हुई है। इसको लेकर छात्र छात्राओं ने अपनी तैयारी ओर तेज कर दी है, लेकिन ऊर्जा निगम के अफसरों की लापरवाही उनके तैयारियों में बाधा पैदा कर रही है। छात्र सागर, छोटू, शेखर, अंकित, अभि का कहना है कि सुबह से लेकर शाम तक स्कूल टाइम में व्यस्त रहते हैं, इसके बाद कोचिंग में जाना पड़ता है। बताया कि शाम के समय करीबन सात बजे खाना खाने के बाद जब पढ़ाई शुरू करते है तो बिजली गुल हो जाती है, इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार निगम के अफसरों से शेडयूल बदलवाने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। दूसरी तरफ बिजली कटौती से गृहणियों को भी परिवार के लोगों को खाना परोसने में परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। अधिशासी अभियंता गोपाल ने कहा शेडयूल के मुताबिक ही क्षेत्र में विद्युत सप्लाई दी जा रही है।