खेकड़ा (बागपत)। ग्राम हसनपुर मसूरी स्थित जींस रंगाई की दो फैक्टरियों में तहसील और प्रदूषण विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान दोनों फैक्टरियों में केमिकल से कपड़े की रंगाई होती मिली। इस पर अधिकारियों ने एक फैक्टरी को सीज करा दिया।
क्षेत्र के ग्राम हसनपुर मसूरी में दिल्ली सहारनपुर हाईवे स्थित दो फैक्टरियों मे बुधवार दोपहर तहसीलदार खेकड़ा यदुवंश कुमार एवं प्रदूषण विभाग के जेई सतेंद्र कुमार टीम के साथ छापेमारी करने पहुंचे। इस दौरान फैक्टरी में अधिकारियों को प्रतिबंधित रंगों से जींस की रंगाई होती मिली। उन्होंने फैक्टरी मालिक को कड़ी फटकार लगाई। मानक पूरे न होने के चलते फैक्टरी सीज करा दी। इसके बाद टीम पास में दूसरी जींस रंगाई फैक्टरी में पहुंची। यहां भी उन्हें ईटीपी प्लांट चालू नहीं मिला, जिससे टीम ने जींस रंगाई बायलर को सीज कर दिया गया। तहसीलदार यदुवंश कुमार का कहना है कि दोनों फैक्टरियां एनजीटी के नियमों के विरुद्ध चलाई जा रही थी। क्षेत्र में चल रही जींस रंगाई की अन्य फैक्टरियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।