बड़ौत (बागपत)।
राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने को लेकर बुधवार को ऊर्जा निगम की नगरीय व देहात टीम ने रेडमॉस अभियान चलाया। इससे बकायादारों और बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। टीम ने पुलिस की मौजूदगी मेें 115 सैकड़ों बकायादारों के विद्युत कनेक्शन काटकर छह लाख रुपये की वसूली की। साथ ही 15 लोगों के खिलाफ पूर्व में कटे कनेक्शन को बिना निगम की अनुमति के जोड़ने पर रिपोर्ट दर्ज कराई।
राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने को लेकर बुधवार को विद्युत निगम की नगरीय और देहात क्षेत्र के कर्मचारियों की टीम ने अधिशासी अभियंता द्वितीय सुधाकर, एसडीओ विकास अहलावत और अवर अभियंता रवि प्रताप के संयुक्त नेतृत्व में रेडमॉस अभियान चलाया। इससे उपभोक्ताओं मेें अफरा तफरी मच गई। अभियान के दौरान टीम की फूंसवाली मस्जिद, बड़का रोड, गुराना रोड, बड़ौली रोड और कोताना रोड पर उपभोक्ताओं ने चेकिंग अभियान का विरोध किया। इससे हंगामा हो गया। हंगामे को देखकर एसडीओ विकास अहलावत और अवर अभियंता रवि प्रताप ने पुलिस बुलाई। बाद में पुलिस की मौजूदगी में अभियान चलाकर 115 लोगों के विद्युत कनेक्शन काटकर छह लाख रुपये की राजस्व वसूली की। एसडीओ ने बताया कि 15 ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जिनके पहले चेकिंग में बकाया जमा न होने पर कनेक्शन काटे थे, लेकिन उपभोक्ता ने बिना विभाग की अनुमति के उन्हें दोबारा जोड़ लिया।
अधिशासी अभियंता सुधाकर के निर्देश पर पुलिस ने हंगामा करने वालों को चिन्हित किया, ताकि उनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज हो सके। एसडीओ विकास अहलावत ने बताया कि राजस्व वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम मेें विकास, अश्वनी, प्रदीप गुप्ता, अश्वनी, राकेश कुमार, जयप्रकाश वर्मा, यामीन, इमरान, शीलू, सलीम, बिजेंद्र आदि रहे।