बड़ौत (बागपत)। बड़ौत - मुजफ्फरनगर मार्ग के चौड़ीकरण के कार्य को शुरू करने को लेकर बाधक पेड़ों को काटने का कार्य जारी है। हालांकि कई जगहों पर खेत मालिक पेड़ों के कटान का विरोध कर रहे हैं। बुधवार को भी एक खेत मालिक ने विरोध किया तो वन क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे समझा-बुझाकर शांत किया।
वन क्षेत्राधिकारी राजपाल सिंह और वन रक्षक संजय ने बताया कि जल्द ही बड़ौत - मुजफ्फरनगर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य शुरू होने वाला है। इसके लिए उन्हें लोनिवि के अफसरों ने पत्र भेजकर बताया कि इस मार्ग के चौड़ीकरण में सैकड़ों पेड़ बाधक बने हैं। उन्हें तत्काल प्रभाव से वहां से हटाया जाए। इस पर वन विभाग ने कई टीम गठित कर चौड़ीकरण में बाधक पेड़ों का छपान करने के निर्देश दिए थे। एक माह पूर्व ही छपान कार्य पूरा हुआ है। जैसे ही छपान कार्य पूरा करने की रिपोर्ट वन विभाग के अफसरों ने लोनिवि को भेजी तो रविवार से पेड़ कटान शुरू कर दिया गया है। बुधवार को बिजरौल रोड पर एक खेत मालिक ने पेड़ काटने का यह कहते हुए विरोध किया कि यह पेड़ उनके दादा ने लगाया था, उस पेड़ को कटने नहीं दिया जाएगा। हालांकि बाद में उसे समझा - बुझाकर शांत कराया। वन क्षेत्राधिकारी राजपाल ने बताया कि बड़ौत से भड़ल चौकी तक 40 किमी तक 2200 को चिह्नित किया, जिसका छपान कार्य पूरा कर लोनिवि को पत्र भेजकर पेड़ों को काटने की अनुमति दे दी।