बागपत। गन्ना किसानों को अपने खातों की जानकारी लेने के लिए अब गन्ना विभाग के दफ्तरों या समितियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। किसानों की सुविधा के लिए किसान इंफो एप जारी किया। किसान एप को मोबाइल में डाउन लोड कर अपने खातों की जानकारी ले सकते हैं। गांव और कृषक कोड से विवरण देखा जा सकता है। मलकपुर और रमाला मिल का डाटा अभी अप लोड नहीं हुआ है।
डीसीओ विनीत कुमार और सहकारी गन्ना विकास समिति बागपत के सचिव अनिल कुमार ने बताया कि एंड्रायड मोबाइल पर किसानों के लिए एप की सुविधा दी गई है। किसान इंफो एप को प्ले स्टोर में जाकर डाउन लोड किया जा सकता है। एप पर किसान चीनी मिल का नाम, समिति का नाम चयन कर गांव कोड एवं कृषक कोड डालकर जानकारी ले सकते हैं। गांव या किसान का नाम डालकर डाटा देखा सकता है। बागपत समिति ने एप पर किसानों का डाटा अप डेट कर दिया है। एप से किसानों को लाभ होगा और घर बैठे ही जानकारी मिल सकेगी।
पर्ची गुम होने पर ऐसा करें किसान
बागपत। प्रभारी डीसीओ विनीत कुमार का कहना है कि यदि किसी किसान की पर्ची गुम हो जाती है तो एसएमएस से या अपने आधार कार्ड की फोटोकॉपी पर गुम पर्ची संख्या लिखकर समिति से मोहर एवं हस्ताक्षर कराकर वह अपने गन्ने का तौल करा सकते हैं।
10 दिसंबर तक बढ़ाई सॉफ्ट लोन की प्रक्रिया
बागपत। शासन ने चीनी मिलों को सॉफ्ट लोन की प्रक्रिया के लिए 10 दिसंबर तक तारीख बढ़ा दी है। मलकपुर चीनी मिल का भुगतान भी प्रक्रिया में है। उम्मीद की जा रही है कि लोन पर 10 दिसंबर तक निर्णय हो जाएगा।