बड़ौत (बागपत)।
दिल्ली-सहारनपुर यमुनोत्री हाईवे पर तहसील गेट के पास एक बाइक पर सवार तीन युवकों को एक पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दो गंभीर घायल हो गए। इनमें से एक को दिल्ली रेफर किया। इस संबंध में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मृतक विनीत उम्र 30 वर्ष पुत्र आर्य मन्नू टीकरी कस्बे का रहने वाला है। वह सांई कंपनी सोनीपत हरियाणा में एक निजी कंपनी में काम करता है। वह बुधवार की रात में अपने साथ अनुज पुत्र बीर सैन निवासी आवास विकास, शुभम पुत्र सेवाराम निवासी टीकरी के साथ अपनी रिश्तेदारी में एक ही बाइक पर सवार होकर बड़ौत से भड़ल गांव जा रहा था। जब वे दिल्ली - सहारनपुर यमुनोत्री हाईवे पर तहसील गेट के पास पहुंचे तो सामने से आ रही पिकअप बाइक में टक्कर मारकर भाग गई। इसमें विनीत की मौके पर मौत हो गई। जबकि अनुज और शुभम गंभीर घायल हो गए। इनमें से अनुज को गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया। इस संबंध में मृतक के परिजनों ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। बाइक पर सवार लोग हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।