दोघट (बागपत)। कस्बा टीकरी में नवनिर्मित सीएचसी को चालू करवाने की मांग को लेकर धरना 36वें दिन भी जारी रहा। वक्ताओं ने कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण के लिए सरकार द्वारा 30 दिनों का समय निर्धारित किया गया है, लेकिन 36 दिनों के धरने के बावजूद भी टीकरी क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्या जस की तस बनी हुई है। जनता के करोड़ों रुपये बर्बाद हो रहे हैं।
दोपहर में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विजय पंवार धरनारत लोगों के बीच पहुंचे और कहा कि वे समस्या को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के बीच रखेंगे। दोपहर बाद स्वामी प्रेमानन्द महाराज ने रामायण पाठ किया। धरने पर मास्टर महेंद्र सिंह राठी, शिवकुमार राठी, प्रमोद राठी, विनोद शर्मा, अमरजीत राठी, आनन्द प्रकाश, विपिन राठी, रामपाल शर्मा, राजेंद्र शर्मा, कौशल ठेकेदार, कय्यूम पहलवान, अहसान, विजय राठी, अमित आर्य, संदीप शर्मा उर्फ छोटू पहलवान, सोनू राठी, राकेश शर्मा, रविंद्र, गंगाराम, चन्द्रा देवी, राजेश आदि उपस्थित रहे।