बड़ौत (बागपत)।
विश्व योग दिवस को लेकर जहां विभिन्न संगठन के लोग तैयारियों मेें जुटे हैं, वहीं श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों से तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को योग के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया। तिरंगा यात्रा को लेकर बुधवार को कॉलेज परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, साथ ही साधकों को योगाभ्यास कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के डायरेक्टर उपेंद्र चौधरी, प्रबंधक विक्रम तोमर, प्रधानाचार्य राजीव तोमर ने किया। उपेंद्र चौधरी ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं, वह वाकई काबिले तारीफ है। योग से मनुष्य न केवल स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव भी दूर रहता है। लेकिन आज के युवा फास्ट फूड के शौकीन है, जिस कारण वे कम उम्र में ही मोटापे का शिकार हो रहे हैं और बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि योग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए इस बार कॉलेज प्रशासन की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं व अन्य लोगों को सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, चक्रासन का अभ्यास कराया। संचालन रणपाल ने किया। इस अवसर पर आरती, ज्योति, साक्षी, मोनिका, सोनम, भावना, उर्मिला, निकेता, संजय, दीपक, नितिन, अनुराग शामिल रहे।