बागपत। यूपी पुलिस की लिखित परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को परेशानियां भी उठानी पड़ी। सहारनपुर के अभ्यर्थी ट्रेन और बसों से रात में ही बागपत और बड़ौत पहुंचने शुरू हो गए थे। सैकड़ों अभ्यर्थियों में किसी ने फुटपाथ, किसी ने लोगों के घरों के बाहर लेटकर रात गुजारी। महिला अभ्यर्थी परिजनों के साथ पहुंची और परीक्षा केंद्रों के आसपास ही रात में गुजारने को मजबूर होना पड़ा।
सोमवार को जिले में दो परीक्षा केंद्रों पर यूपी पुलिस की लिखित परीक्षा शुरू हुई। रविवार की रात में हजारों की संख्या में अभ्यर्थी ट्रेन और बसों द्वारा बागपत और बड़ौत में पहुंचे। रुकने के लिए वे धर्मशाला व होटलों में कमरे ढूंढते रहे, लेकिन कमरे नहीं मिले, क्योंकि रविवार को दिन में ही होटलों व धर्मशालाओं में कमरे बुक हो गए थे। अभ्यर्थियों ने पूरी रात सड़क किनारे फुटपाथ और मकानों के आगे बने चबूतरों पर लेकर गुजारी। बागपत रोड रेलवे स्टेशन और बड़ौत रेलवे स्टेशन पर भी अभ्यर्थी ठहरे। अभिभावकों के साथ पहुंची युवतियों को ठहरने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। अपने परिजनों के साथ युवतियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास शरण लेनी पड़ी। कुछ अभ्यर्थी पूरी रात परीक्षा की तैयारी करते नजर आए। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थियों की है। जिन जगहों पर अभ्यर्थी ठहरे थे, वहां पर पुलिस ने रात भर गश्त की।