बागपत। छपरौली क्षेत्र के कुरड़ी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की 17 बीघा जमीन पर अवैध कब्जे का मामले में बीएसए ने जांच बैठा दी है। जमीन को खाली कराने के लिए एसडीएम बड़ौत को पत्र लिखा है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी को भी इस संबंध में कार्रवाई के निर्देशित किया है।
जिले में परिषदीय विद्यालय की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा है। कुछ के ठेके जिला पंचायत द्वारा छोडे़ जा रहे हैं। जबकि शासन ने स्कूल की जमीन को खाली कराने के निर्देश दिए हैं। कुरड़ी गांव के प्राथमिक विद्यालय की 17 बीघा जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत बीएसए योगराज सिंह तक पहुंची तो उन्होंने प्रकरण को गंभीरता से लेकर जांच बैठा दी है। खंड शिक्षा अधिकारी छपरौली को पूरे मामले की जांच कराकर जमीन के सभी दस्तावेज, किस व्यक्ति का कब्जा और किस आधार पर उसने फसल की बुआई कर रखी है इसकी जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं इस संबंध में एसडीएम बड़ौत को भी पत्र लिखा गया है। बीएसए ने बताया कि कई विद्यालय ऐसे हैं, जिसकी भूमि पर जिला पंचायत गलत तरीके से ठेका छोड़ा जाता है। जबकि वह भूमि परिषदीय विद्यालय की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में डीएम से भी वार्ता करेंगे। सभी जमीन को खाली कराएंगे। भूमि से मिलने वाले लाभ को विद्यालय की उन्नति में लगाया जाएगा।
शौचालय का ताला खुलवाने के निर्देश
टांडा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बने हाईटेक शौचालय पर ताला लटका है। बीएसए भी इसे खुलवाने में नाकाम रहे है। स्कूल के छात्र-छात्राओं परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीएसए योगराज सिंह ने छपरौली खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया सोमवार तक शौचालय का ताला खुलवाया जाए। ऐसा नहीं होता है तो एक शौचालय अलग से बनवाया जाए, ताकि छात्राओं को परेशानी न उठानी पड़े।