दोघट (बागपत)। जूनियर हाईस्कूल हिम्मतपुर सूजती के प्रधानाध्यापक द्वारा किए गए गबन के मामले में बुधवार को बीएसए ने पहुंचकर जांच की। वे अपनी जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपेंगे।
हिम्मतपुर सूजती के पूर्व प्रधान किरत पाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत की कि जूनियर हाईस्कूल में कृषि फार्म है और उसकी जमीन ठेके पर दी हुई है। प्रधानाध्यापक मोहम्मद अब्बास है और वे ही कृषि फार्म की भूमि का हिसाब किताब रखते हैं। कृषि फार्म के ठेके के रुपये 2014 में पासबुक में जमा हुए थे। इसके बाद कोई भी धन जमा नहीं कराया । 2017 में प्रधानाध्यापक ने बिना अनुमति के खाते से 15 हजार रुपये निकाले। वे संस्था के धन का गबन कर रहे हैं। जूनियर हाईस्कूल में मोहम्मद अब्बास, प्राथमिक विद्यालय में मोहम्मद शाहिद व मोहम्मद तहसीम तीनों अध्यापक उर्दू शिक्षक के रूप में नियुक्ति पाए हुए है। जबकि उर्दू का एक भी छात्र नहीं है। इस शिकायत पर सीएम ने जांच का आश्वासन दिया । इस मामले में बुधवार को बीएसए योगराज सिंह जूनियर हाईस्कूल हिम्मतपुर सूजती पहुंचे और जांच की। अब वे इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपेंगे। इस दौरान शिकायतकर्ता पूर्व प्रधान किरतपाल व अन्य ग्रामीण भी उपस्थित रहे।