15 सितंबर से गौरीपुर मोड़ के बदलेंगे दिन
बागपत। अमर उजाला की हाईवे निर्माण को लेकर शुरू की गई मुहिम रंग लाई। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने कहा 15 सितंबर से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित गौरीपुर मोड़ पर पेंच वर्क कराया जाएगा। टी-प्वाइंट का निर्माण होगा, इससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उपशा कार्य कराएगी और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के गड्ढे कई लोगों की मौत की वजह बन चुके हैं। आए दिन हादसे होते हैं। गौरीपुर मोड़ के टी-प्वाइंट पर कई-कई फुट गहरे गड्ढे हैं, इनमें आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। अमर उजाला ने हाईवे की दुर्दशा और लोगों की परेशानी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने स्वीकार किया खराब सड़क होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। उपशा इस पर पेंच वर्क कराएगी। इसके लिए करीब 12 करोड़ का बजट पहले ही जारी हो चुका है। उन्होंने कहा गौरीपुर मोड़ की हालत में सुधार का कार्य 15 सितंबर से शुरू करा दिया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानी न हो। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा यूपी सरकार से हाईवे के लिए एनओसी मिल चुकी है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से इसका निर्माण कराया जाएगा। पेंच वर्क के लिए बजट जारी हो चुका है, बरसात का मौसम रुकते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।