समय पर 108 एंबुलेंस न पहुंचने पर मरीज ने तोड़ा दम
बड़ौत (बागपत)। जौहड़ी गांव के एक मरीज ने बृहस्पतिवार को समय पर 108 एंबुलेंस न पहुंचने के कारण सीएचसी पर दम तोड़ दिया। इससे आक्रोशित परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया।
मृतक रफीक पुत्र शबजहां उम्र 65 वर्ष जौहड़ी गांव का रहने वाला था। वह काफी दिनों से गुर्दे संबंधित रोग से बीमार चल रहा था। मेरठ, बड़ौत, दिल्ली आदि जगहों पर वह इलाज करा चुका था। बृहस्पतिवार की सुबह करीबन 6 बजे अचानक उसको दर्ज उठाने लगा। तो परिजनों ने 108 एंबुलेंस को फोन कर जानकारी दी। आरोप लगाया साढ़े ग्यारह बजे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इससे आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया तो 12 बजे एंबुलेंस गांव पहुंची और रफीक को उठाकर सीएचसी ले आई। वहां एंबुलेंस रुकते ही रफीक की मौत हो गई। परिजनों ने इसको लेकर जमकर हंगामा किया और स्वास्थ्य विभाग के अफसरों पर लापरवाही और अनदेखी का आरोप लगाया। इस संबंध मेें सहायक सीएचसी अधीक्षक डॉ. आलोक रंजन ने कहा यह बात सत्य है कि एंबुलेंस स्टाफ की लापरवाही के चलते मरीज की मौत हुई है। इस संबंध में एंबुलेंस से संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।